चोरी की बाइक के साथ अभियुक्त गिरफ्तार, बिहार में खपाने की थी योजना
उभांव पुलिस की त्वरित कार्रवाई, कुंडैल ढाले के पास घेराबंदी कर पकड़ा

बलिया। अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिले की उभांव थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने वाहन चोरी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए चोरी गई मोटरसाइकिल के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी बाइक को बिहार ले जाकर बेचने की फिराक में था।
क्या था मामला?
विगत 3 अगस्त को वार्ड नंबर-11, बेल्थरा रोड निवासी उदयशंकर गुप्ता ने पुलिस को तहरीर दी थी कि उनके घर के बाहर खड़ी सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP60AZ2416) चोरी हो गई है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात अपराधी के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर तफ्तीश शुरू की थी।
बुधवार तड़के उपनिरीक्षक नीरज यादव अपनी टीम के साथ इमिलिया रोड-अंबेडकर चौराहा के पास में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की गई बाइक को एक युवक बिहार में बेचने के इरादे से ले जा रहा है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने कुंडैल ढाला के पास घेराबंदी की और संदिग्ध बाइक सवार को धर दबोचा, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान शीत बसन्त उर्फ भूलन पुत्र विनोद कुमार, निवासी जमीन सिसयण्ड, थाना उभांव, जनपद बलिया के रूप में दी।

पुलिस ने ‘ई-साक्ष्य ऐप’ और वाहन के दस्तावेजों के माध्यम से बरामद बाइक का मिलान किया, जिससे पुष्टि हुई कि यह वही वाहन है जिसकी गुमशुदगी 3 अगस्त को दर्ज कराई गई थी।
कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी करने तथा उसे बिहार में बेचने की बात स्वीकार की। इसके पश्चात मामले में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि करते हुए अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक नीरज यादव, कांस्टेबल सत्येन्द्र कुमार, अजीत कुमार गुप्ता, अंकित पाण्डेय एवं रि० आरक्षी ऋषभ सिंह शामिल रहे।
