कांवड़ यात्रा पर सीओ सख्त: एरच रोड से गरौठा रोड तक सुरक्षा का कड़ा पहरा, सड़कों पर दौड़ेगी ‘चीता मोबाइल’

ब्यूरो चीफ आयुष त्रिपाठी
गरौठा (झांसी)। कावड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी क्रम में शनिवार को क्षेत्राधिकारी गरौठा पीयूष कुमार पाण्डेय ने कावड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के लिए जगह-जगह पुलिस बल की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एरच रोड से लेकर गरौठा रोड तक चीता गाड़ी (पुलिस मोबाइल गश्त) तैनात करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं, ताकि पूरे मार्ग पर निरंतर निगरानी रखी जा सके और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसी जा सके। यात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रूट पर विशेष रूप से ‘चीता मोबाइल’ (पुलिस मोटरसाइकिल दस्ता) की तैनाती कर दी गई है। ये चीता गाड़ियां एरच रोड से गरौठा रोड के चप्पे-चप्पे पर लगातार गश्त करेंगी, ताकि शिव भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सीओ पीयूष कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यात्रा मार्ग में खलल डालने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस प्रशासन हुड़दंगियों से सख्ती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।




