लोहारदा में सीएमओ सतीश घावरी के स्थानांतरण की खबर से हलचल, रोकने की उठी मांग
कांटाफोड़ – नगर पंचायत लोहारदा के सीएमओ सतीश घावरी के संभावित स्थानांतरण की खबर सामने आते ही नगर में हलचल का माहौल बन गया है। सूचना के बाद नगरवासियों के साथ-साथ दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नागरिकों ने उनके स्थानांतरण को रोकने की मांग की है।
नगरवासियों का कहना है कि उनके कार्यकाल में लंबे समय से लंबित पड़े विकास कार्यों को नई गति मिली है। हयडी रोड, बैकलिया बालाजी मंदिर मार्ग, बस स्टैंड क्षेत्र में सुलभ शौचालय निर्माण सहित कई वार्डों में बुनियादी सुविधाओं के कार्य आगे बढ़े हैं। वार्ड 9, 10, 13, 14 और 15 में सड़क, सफाई और पेयजल व्यवस्था में सुधार देखने को मिला है।
वार्ड क्रमांक 9 की कांग्रेस पार्षद प्रमिला सिरसोंठ ने बताया कि पहले नगर पंचायत में कर्मचारियों को 6–7 माह तक वेतन नहीं मिलता था, जिसके कारण कई बार काम बंद और धरना प्रदर्शन की स्थिति बन जाती थी। उन्होंने कहा कि सीएमओ घावरी के आने के बाद सभी कर्मचारियों को समय पर वेतन मिलने लगा और विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि हयडी क्षेत्र में वर्षों से लंबित समस्याओं पर अब काम आगे बढ़ा है, इसलिए उनका स्थानांतरण रोकना जरूरी है।
वार्ड क्रमांक 15 के भाजपा पार्षद हेमंत मुवेल ने कहा कि उनके वार्ड में लंबे समय से रुके हुए विकास कार्य शुरू हुए हैं और यदि स्थानांतरण होता है तो विकास कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
नगरवासियों और जनप्रतिनिधियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि सीएमओ सतीश घावरी को यथास्थान बनाए रखा जाए ताकि चल रहे विकास कार्यों की गति बनी रहे और आमजन को उसका लाभ मिल सके।




