सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बामौर में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर चिकित्सकों का हुआ सम्मान

ब्यूरो चीफ आयुष त्रिपाठी
झांसी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बामौर में बुधवार को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस हर्ष उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विमल कुमार ने की। इस अवसर पर चिकित्सकों के सम्मान में आयोजित समारोह में समस्त चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर शैलेश यादव ने चिकित्सकों को सम्मानित करते हुए कहा कि चिकित्सक केवल एक पेशा नहीं,बल्कि सेवा, समर्पण और मानवता का सर्वोच्च स्वरूप हैं। जब पूरा समाज संकट में होता है,तब चिकित्सक अपने परिवार और व्यक्तिगत जीवन से ऊपर उठकर जनसेवा के लिए निरंतर कार्य करते हैं। उनका ज्ञान,धैर्य और संवेदनशीलता अनगिनत लोगों को नया जीवन प्रदान करती है। स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में चिकित्सकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस हमें उन सभी डॉक्टरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देता है,जिन्होंने अपने कर्तव्यनिष्ठ कार्यों से समाज में विश्वास और सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह चिकित्सकों का सम्मान करे तथा स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाए। अंत में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार, गुणवत्तापूर्ण उपचार और टीम भावना ही स्वास्थ्य सेवाओं की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए जनहित में समर्पित भाव से कार्य करते रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों को पुष्पगुच्छ एवं सम्मान-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने तथा मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। इस अवसर पर डॉ वैशाली शर्मा एरच,डॉ विजय शंकर खड़ेनी,त्रिभुवन सिंह, सुनीता कुमारी,अर्चना,पुष्पा पाल,अरुण कुमार,शशिकांत, प्रदीप कुमार,रविन्द्र कुमार,पुष्पेंद्र,बीर सिंह,आजाद सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बामौर के चिकित्सक,नर्सिंग स्टाफ,पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।




