बरुआसागर में धूमधाम से निकली भगवान की विमानयात्रा, रात्रि में मनाया गया क्षमा वाणी पर्व

बरुआसागर ( झाँसी )। नगर में जैन समाज के श्रद्धालुओं द्वारा भगवान की भव्य विमानयात्रा धूमधाम से निकाली गई। डीजे, ढोल-नगाड़ों के साथ निकली शोभायात्रा में पुरुष एवं महिला श्रद्धालु हथकरघा वस्त्रों में शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने भक्ति करते हुए नृत्य किया, वहीं बेटियों द्वारा प्रस्तुत गरबा आकर्षण का केंद्र रहा।
भगवान की पालकी उठाने का सौभाग्य चौधरी मनोज जैन, आदर्श जैन मोनपुरा, चौधरी दर्शित जैन रोशन, स्वयं जैन एवं अक्षत जैन मोनपुरा को प्राप्त हुआ। शोभायात्रा के उपरांत मंदिर में बोलियां लगाई गईं। सौधर्म इंद्र कमलेश जैन बाहुबली, ईशान इंद्र अक्षत जैन मावा, सनत इंद्र सनत जैन पुजारी एवं महेंद्र इंद्र जिनेन्द्र जैन मकारा ने स्वर्ण कलशों से भगवान धर्मनाथ जी का अभिषेक किया। अभिषेक पाठ का वाचन विनोद जैन एडवोकेट ने किया।
इस अवसर पर व्रत एवं उपवास करने वाले तपस्वी महिला-पुरुषों तथा बेटियों-बेटों का पंचायत समिति द्वारा उपहार देकर सम्मान किया गया। पंचायत समिति के कोषाध्यक्ष दीपक जैन एवं रजनीश जैन ने वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।
रात्रि में अमित वैशाखिया के संचालन में क्षमा वाणी पर्व मनाया गया। अध्यक्ष सिंघई संदीप जैन ने कहा कि जिस प्रकार सूर्य की रोशनी में अंधकार नहीं रह सकता और दिन में रात नहीं हो सकती, उसी प्रकार क्षमा और बैर एक साथ नहीं रह सकते। उन्होंने सभी से क्षमा मांगते हुए कार्यक्रम में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।



