तीर्थ क्षेत्र में अवैध शराब का विक्रय रोका जाए
स्टेट हाईवे से शराब दुकानें हटाई जाएं
रिपोर्ट सुधीर बैसवार
बड़वाह / ओंकारेश्वर तीर्थ क्षेत्र एवं नर्मदा नदी के 5 किमी क्षेत्र में अवैध शराब के विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध और स्टेट हाईवे पर स्थित शराब की दुकानों को हटाने की मांग क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लंबे समय से की जा रही है।
इस तारतम्य में बड़वाह नगरपालिका की महिला पार्षदों ने विधायक सचिन बिरला से मुलाकात कर ओंकारेश्वर तीर्थ क्षेत्र एवं नर्मदा तटों पर अवैध शराब के विक्रय पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। साथ ही पार्षदों ने उच्च न्यायालय के आदेशानुसार स्टेट हाईवे पर मौजूद शराब की दुकानों के स्थानांतरण की भी मांग की है। पार्षदों ने बताया कि तीर्थ क्षेत्र और नर्मदा तटों पर अवैध शराब के बढ़ते प्रचलन के कारण श्रद्धालुओं में असुरक्षा का भय व्याप्त है और उनकी आस्था भी आहत हो रही है। इसके अलावा स्टेट हाइवे के समीप स्थित शराब दुकानों के कारण वाहन चालकों में नशा कर वाहन चालन की प्रवृत्ति बढ़ रही है। फलस्वरूप स्टेट हाईवे पर दुर्घटनाओं का ग्राफ निरंतर बढ़ता जा रहा है। विधायक ने पार्षदों की मांग से सहमति व्यक्त करते हुए खरगोन जिला कलेक्टर को पत्र प्रेषित किया है और तत्काल प्रभाव से तीर्थ क्षेत्र में अवैध शराब के विक्रय और स्टेट हाईवे के नजदीक मौजूद शराब दुकानों को हटाने की मांग की है।विधायक ने बताया कि तीर्थ क्षेत्र और नर्मदा तटों पर अवैध शराब के विक्रय पर प्रतिबंध लगाने और स्टेट हाइवे पर स्थित शराब दुकानों को हटाने के लिए पहले भी जिला कलेक्टर को तीन पत्र प्रेषित किए जा चुके हैं। लेकिन शासन के स्पष्ट निर्देशों और न्यायालयीन आदेश के बावजूद कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है। इस कारण नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस कारण क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका उत्पन्न हो गई है। विधायक ने जिला प्रशासन से व्यापक जनहित एवं लोक भावनाओं के मद्देनजर तीर्थ क्षेत्र एवं नर्मदा तट के 5 किमी के निर्धारित दायरे में अवैध शराब की बिक्री पर पूर्णतः अंकुश लगाने तथा स्टेट हाईवे से शराब दुकानों को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है।




