तालुका विधिक सेवा समिति की बैठक हुई आयोजित

बयाना।तालुका विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश संख्या-1 सोनाली प्रशांत शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को कोर्ट परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 9 मई को आयोजित होने वाली आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर इस बैठक में विस्तृत चर्चा की गई। एडीजे सोनाली प्रशांत शर्मा ने प्री-लिटिगेशन, एनआई एक्ट, सिविल और फौजदारी सहित विभिन्न लंबित मामलों को आपसी राजीनामे के माध्यम से निस्तारित करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि फील्ड कर्मियों के जरिए पक्षकारों को लोक अदालत के लाभ समझाकर उन्हें प्रेरित करें और नोटिस की तामील समय पर सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर एडीजे संख्या-2 प्रशांत शर्मा, डिप्टी एसपी देवेंद्र सिंह और तहसीलदार लालचंद वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने लोक अदालत को सफल बनाने हेतु अपनी कार्ययोजना साझा की।



