सावन के आखिरी सोमवार पर मंदिरों में उमड़ेगी भीड़, सीओ ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के दिए निर्देश
ब्यूरो चीफ आयुष त्रिपाठी
गरौठा (झांसी)। सावन के अंतिम सोमवार को लेकर क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों और शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। जलाभिषेक और दर्शन-पूजन के लिए उमड़ने वाले जनसैलाब को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शांति, सुरक्षा और सुगम व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्राधिकारी गरौठा पीयूष कुमार पाण्डेय ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सावन के आखिरी सोमवार का विशेष धार्मिक महत्व होने के कारण तड़के से ही मंदिरों में जलाभिषेक और दर्शन के लिए लंबी लाइनें लगनी शुरू हो जाती हैं। क्षेत्र के प्राचीन और प्रसिद्ध शिवालयों पर उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने विशेष कार्ययोजना तैयार की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भीड़ प्रबंधन और असामाजिक तत्वों पर नजर रखना पुलिस की प्राथमिकता है। सीओ पीयूष कुमार पाण्डेय ने स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे मंदिर परिसर में शांति और स्वच्छता बनाए रखें,कतारबद्ध होकर दर्शन करें और किसी भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को दें। प्रशासन का दावा है कि श्रद्धालुओं की भक्ति में कोई खलल न पड़े, इसके लिए हर स्तर पर पुख्ता तैयारी कर ली गई है।




