E-PaperUncategorizedछत्तीसगढ़टॉप न्यूज़देशराज्यलोकल न्यूज़

पूजा पैकरा मामले में 10 दिन में कार्रवाई की मांग,गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

बैकुंठपुर। कोरिया जिले के बैकुंठपुर स्थित आईसी मार्ट से जुड़े पूजा पैकरा प्रकरण को लेकर आदिवासी युवा छात्र संगठन-कोरिया ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच और नामजद आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगों पर निर्धारित समय में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित परिवार एवं सामाजिक संगठनों के साथ आंदोलन किया जाएगा।

ज्ञापन में कहा गया है कि नाबालिग आदिवासी छात्रा पूजा पैकरा के साथ आईसी मार्ट में कथित मानसिक प्रताड़ना, जातिगत टिप्पणी, चोरी के आरोप और मारपीट के बाद उसकी मृत्यु का मामला सामने आया था। संगठन ने मामले में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच में भूमिका सामने आने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

संगठन ने ज्ञापन में फरार बताए जा रहे आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और पीड़ित परिवार को जांच एवं कार्रवाई की स्थिति से अवगत कराने की मांग की है। साथ ही 17 जुलाई 2026 के बाद आईसी मार्ट के संचालन से जुड़े लाइसेंस, भूमि एवं निर्माण संबंधी सभी वैधानिक दस्तावेजों की जांच कराने की मांग भी रखी गई है। यदि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा अथवा निर्माण पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।

पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता की मांग

ज्ञापन में पीड़ित परिवार की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए शासन के नियमानुसार कम से कम एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता तथा अन्य उपलब्ध शासकीय सहायता एवं पुनर्वास योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की गई है।

संगठन ने जिला प्रशासन से मामले को गंभीर एवं संवेदनशील मानते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच और त्वरित कानूनी कार्रवाई के निर्देश देने का आग्रह किया है। 10 दिन में कार्रवाई नहीं तो आंदोलन

ज्ञापन में कहा गया है कि यदि मांगों पर 10 दिनों के भीतर अपेक्षित एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं होती है, तो पीड़ित परिवार और सामाजिक संगठनों द्वारा जिला कलेक्टर कार्यालय, बैकुंठपुर के समक्ष लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में राज्य के गृह मंत्री का पुतला दहन किए जाने की बात भी कही गई है।

संगठन ने आगे कहा है कि यदि पूजा पैकरा प्रकरण में नामजद/आरोपित व्यक्तियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो पीड़ित परिवार, सामाजिक संगठन के पदाधिकारी एवं डॉ. नंद कुमार साय, प्रथम नेता प्रतिपक्ष, छत्तीसगढ़ विधानसभा के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निवास के बाहर अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन की प्रतिलिपि डॉ.नंद कुमार साय,पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज तथा पुलिस अधीक्षक कोरिया को भी दी गई है।

आशिष कुशवाहा

सूरजपुर जिला ब्यूरो चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!