लंबित वित्तीय प्रकरणों के निराकरण के लिए कन्नौद में लगेगा ‘समाधान शिविर’ कार्यरत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण
कांटाफोड़ –
स्कूल शिक्षा विभाग विकासखंड कन्नौद अंतर्गत कार्यरत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों के विभिन्न स्तर पर लंबित वित्तीय एवं अन्य प्रकरणों के निराकरण हेतु विशेष ‘समाधान शिविर’ आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कन्नौद में 11 मई 2026 से 15 मई 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगा।
शिविर में विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित संकुल प्राचार्यों की उपस्थिति में कर्मचारियों से प्राप्त आवेदनों पर सुनवाई कर यथासंभव त्वरित निराकरण किया जाएगा। वहीं जिन प्रकरणों का संबंध वरिष्ठ कार्यालयों से होगा, उन्हें संबंधित कार्यालयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु तत्काल प्रेषित किया जाएगा।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से लंबित वेतन, पेंशन, एरियर, सेवा पुस्तिका, अवकाश स्वीकृति एवं अन्य प्रशासनिक समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से यह पहल की गई है, ताकि कर्मचारियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
शिक्षा विभाग द्वारा विकासखंड के सभी कार्यरत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों से निर्धारित तिथि में उपस्थित होकर अपने लंबित प्रकरणों के आवेदन आवश्यक दस्तावेजों सहित प्रस्तुत करने की अपील की गई है।

