—
*गढ़चिरौली में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन: माओवादियों की हथियार फैक्ट्री तबाह, भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद*संवाददाता संगीता सिंह (राजनांदगांव)।
*जिले की सीमा से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली पुलिस फोर्स ने माओवादियों द्वारा जंगल में छिपाए गए सामान को जब्त कर नक्सलियों को दिया करारा झटका*
गढ़चिरौली पुलिस को माओवादियों के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने माओवादियों द्वारा जंगल में स्थापित की गई एक हथियार फैक्ट्री को ध्वस्त कर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और हथियार बनाने का सामान बरामद किया है। इस कार्रवाई से नक्सलियों की कमर टूट गई है।
*21 मई को चला था संयुक्त ऑपरेशन*
गढ़चिरौली पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 16 मई को ऑपरेशन अंतिम प्रहार के तहत गढ़चिरौली पुलिस फोर्स के जवान सर्चिंग पर निकले थे। इसी दौरान माओवादियों से पूछताछ के दौरान मिली सूचना के आधार पर 21 मई को गढ़चिरौली के पुलिस सुपरिटेंडेंट एम. रमेश के मार्गदर्शन में सी-60 कमांडो और जिला पुलिस की जॉइंट 6 टीमों और 22 मई को एक विशेष ऑपरेशन दल ने जंगल के अंदर में बीडीएस की 2 टीमों को उस जगह के इलाके में सर्च ऑपरेशन के लिए भेजा गया।
*जंगल में मिली हथियार बनाने की फैक्ट्री*
जंगल के इलाके की गहराई में तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को माओवादियों द्वारा बनाया गया एक गुप्त ठिकाना मिला। यहां हथियार और विस्फोटक बनाने का पूरा सेटअप लगा हुआ था। पुलिस ने मौके से 12 बोर देशी कट्टा, बैरल, ग्राइंडर, वेल्डिंग मशीन, डेटोनेटर, सेफ्टी फ्यूज, बारूद, बड़ी मात्रा में लोहे की कीलें, नट-बोल्ट, स्प्रिंग, फायर आर्म्स के पार्ट्स, मोबाइल फोन, पावर बैंक, सोलर प्लेट सहित हथियार बनाने में उपयोग होने वाला सामान (20 बोर) बरामद किया है।
*सुरक्षा बलों को मिली बड़ी कामयाबी*
पुलिस ने माओवादियों का छिपाया हुआ सामान भी नष्ट किया। सरेंडर करने वाले माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर की गई कार्रवाई को सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। अधिकारियों के निर्देश पर मौके पर मिले सभी माओवादी सामान को टीम द्वारा मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस अधिकारी गढ़चिरौली एम. रमेश ने इस अभियान में शामिल कमांडो टीमों के हौसले और सूझबूझ की सराहना की।
*नक्सलियों की साजिश नाकाम*
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि माओवादी इस फैक्ट्री में आईईडी और देसी कट्टे बनाकर सुरक्षा बलों और आम नागरिकों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे। समय रहते कार्रवाई कर इस मंसूबे को नाकाम कर दिया गया। इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।
*प्रशासन का बयान*
गढ़चिरौली पुलिस ने कहा कि नक्सल विरोधी अभियान तेज कर दिया गया है। जंगल में छिपे माओवादियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। जनता से अपील है कि संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।


