Welcome to Bharat Samvad TV   Click to listen highlighted text! Welcome to Bharat Samvad TV
E-PaperUncategorizedछत्तीसगढ़टॉप न्यूज़देशराज्यलोकल न्यूज़

घर-घर आयुष्मान, हर घर आयुष्मान अभियान में बड़ी सफलता तीन दिनों में 2316 आयुष्मान

सूरजपुर, 19 जून। जिले में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत संचालित “घर-घर आयुष्मान, हर घर आयुष्मान” महा-अभियान को उल्लेखनीय सफलता मिली है। 17 जून से 19 जून 2026 तक चले इस विशेष अभियान के दौरान जिले के 2316 पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड तथा 321 वरिष्ठ नागरिकों के वय वंदन आयुष्मान कार्ड बनाए गए। अभियान का उद्देश्य ऐसे पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाना था, जो अब तक आयुष्मान कार्ड से वंचित थे।

कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देश तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, पंचायत विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों ने समन्वित रूप से कार्य किया। अधिकारियों के अनुसार अभियान के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई थी, जिसके तहत गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर पात्र हितग्राहियों की पहचान की गई और मौके पर ही उनके कार्ड बनाए गए।

जिले में अब तक बने 7.58 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड

स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अब तक कुल 7 लाख 58 हजार 930 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। वहीं 13 हजार 714 वरिष्ठ नागरिकों के वय वंदन आयुष्मान कार्ड भी तैयार किए गए हैं। नए कार्ड बनने से हजारों परिवारों को अब योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों में प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल सकेगी।

घर-घर पहुंची टीम, स्कूल और आंगनबाड़ियों में लगे शिविर

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने घर-घर संपर्क अभियान चलाया। इसके अलावा विभिन्न गांवों के टोले-मोहल्लों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों के दस्तावेजों का सत्यापन कर तत्काल आयुष्मान कार्ड बनाए गए। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी आसानी से योजना का लाभ मिल सका।

मैदानी अमले की रही अहम भूमिका

अभियान की सफलता में जिले के आयुष्मान मित्रों, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ), रोजगार सहायकों, पंचायत सचिवों, आरएचओ, द्वितीय एएनएम, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की बैंक सखियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों तथा च्वाइस सेंटरों के वीएलई की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इन सभी ने गांव-गांव जाकर पात्र हितग्राहियों को जागरूक किया और कार्ड निर्माण की प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाया।

स्वास्थ्य सुरक्षा कवच से जुड़ रहे हजारों परिवार

जिला प्रशासन ने बताया कि आयुष्मान कार्ड बनने से अब ऐसे परिवार भी स्वास्थ्य सुरक्षा के दायरे में आ जाएंगे जो किसी कारणवश अब तक योजना से वंचित थे। प्रशासन का लक्ष्य जिले के प्रत्येक पात्र परिवार को आयुष्मान योजना से जोड़ना है ताकि जरूरत पड़ने पर किसी भी गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति को इलाज के लिए आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी विभागों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए इसी प्रकार विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

_______________________________________________________

सूरजपुर जिले के हर खबर एवं विज्ञापनों के लिए संपर्क करें 8109345489

आशिष कुशवाहा

सूरजपुर जिला ब्यूरो चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!