शिक्षा लर्निंग स्कूल में भव्य अवार्ड सेरेमनी, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
नगर पालिका खेलकूद व विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को अतिथियों ने किया पुरस्कृत

रिपोर्ट सुधीर बैसवार
सनावद। शिक्षा लर्निंग स्कूल, सनावद में दिनांक 14 मार्च 2026, शनिवार को एक भव्य अवार्ड सेरेमनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी श्री हेमेंद्र जैन उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ व्यवसायी एवं समाजसेवी श्री अनिल गर्ग ने की। विशेष अतिथि के रूप में रेवा गुर्जर कॉलेज के प्राचार्य श्री अनुराग गीते, नगर पालिका स्वच्छता प्रभारी श्री हारून बेग तथा नगर पालिका P.T.I. एवं भूत पूर्व सैनिक श्री आशीष खालसा मंचासीन रहे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही नगर पालिका द्वारा आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं व मार्च पास्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर अतिथियों ने अपने आशीर्वचनों में विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में संस्था के सह-संचालक श्री पवन शर्मा एवं श्री अभिषेक पटेल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम उपरांत विद्यार्थियों के लिए स्नेह भोज का आयोजन भी किया गया तथा विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




