बेकलिया रोड का सीएमओ सतीश घावरी ने किया निरीक्षण, वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की ओर विधायक मुरली भंवरा, नगर परिषद अध्यक्ष व पूरी परिषद के सामूहिक प्रयास से प्राचीन मंदिर मार्ग को मिल रहा नया स्वरूप
कांटाफोड़ – नगर परिषद लोहारदा क्षेत्र के बेकलिया रोड पर चल रहे सीसी रोड निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे सीएमओ सतीश घावरी ने एक बार फिर अपनी सक्रिय, प्रभावशाली और जमीनी कार्यशैली का परिचय दिया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता, चौड़ाई और तकनीकी पहलुओं का बारीकी से निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यह मार्ग क्षेत्र के प्राचीन मंदिर तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है, जिसकी जर्जर हालत को लेकर क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से पक्की सड़क की मांग की जा रही थी। वर्षों से खराब सड़क के कारण श्रद्धालुओं और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब क्षेत्रीय विधायक मुरली भंवरा, नगर परिषद अध्यक्ष, पूरी नगर परिषद—पार्षदगण, परिषद के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों—के सामूहिक प्रयासों और समन्वय से यह महत्वपूर्ण मार्ग सीसी रोड के रूप में विकसित किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ सतीश घावरी ने इंजीनियरों और ठेकेदार को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सड़क आमजन और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसका निर्माण मजबूत, चौड़ा और टिकाऊ होना चाहिए।
मौके पर मौजूद स्थानीय नागरिकों ने सड़क की चौड़ाई को लेकर अपनी समस्या रखते हुए बताया कि मार्ग अपेक्षाकृत संकरा बनाया जा रहा है, जिससे वाहनों की क्रॉसिंग में दिक्कत आ सकती है। इस पर सीएमओ घावरी ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत ठेकेदार को साइड भराव (साइड भरती) करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क पर्याप्त चौड़ी हो और भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सीएमओ सतीश घावरी ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना और जनता की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि नगर परिषद अध्यक्ष, पार्षदगण और पूरी परिषद के सहयोग से ही विकास कार्यों को धरातल पर उतारा जा रहा है, जिससे क्षेत्र में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है।
उनकी कार्यशैली यह दर्शाती है कि वे केवल कार्यालय तक सीमित न रहकर स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हैं और समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करते हैं। इससे कार्यों में पारदर्शिता बढ़ती है और आमजन का विश्वास भी मजबूत होता है।
क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए विधायक, नगर परिषद अध्यक्ष, पार्षदगण एवं पूरी परिषद के प्रति आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि इसी तरह अन्य लंबित समस्याओं का भी शीघ्र समाधान होगा।




